*देहरादून -* तृतीय प्रवासी उत्तराखंड दिवस सम्मेलन-2026 का आयोजन 13 नवंबर को देहरादून के दून विश्वविद्यालय स्थित नित्यानंद ऑडिटोरियम में होगा। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में आयोजन समिति की बैठक हुई, जिसमें पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई। प्रमुख सचिव ने सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण बनाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न प्रांतों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों को चिह्नित कर आमंत्रित किया जाए। सम्मेलन का उद्देश्य प्रवासियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना और राज्य के विकास में उनके अनुभव, सुझाव और योगदान का लाभ लेना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और हर 3-4 दिन में प्रगति रिपोर्ट देने को कहा गया है।
सम्मेलन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, होर्डिंग्स और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों और परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ ही अतिथियों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार की विकास योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा।
