*देहरादून/पौड़ी -* श्रीनगर विधानसभा के पाबौ क्षेत्र को 16 करोड़ 18 लाख की विकास योजनाओं की सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर और नौठा में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें सड़क, शिक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कार्य शामिल हैं।

 

मुख्य कार्यों में 9.36 करोड़ की लागत से 7 किमी लंबे नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग और 96.13 लाख की लागत से सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा सैंजी-चौलसैंण, राजकीय इंटर कॉलेज और चपलौड़ी-फलदाड़ी मार्गों पर 5.50 करोड़ से सड़क सुधारीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स का काम होगा। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में 23.80 लाख से अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास और बुरांसी में 8.21 लाख से बने मार्ग का लोकार्पण किया गया।

 

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुरांसी के पातुल्या पौराणिक मंदिर और 3 लाख की लागत से प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास का शिलान्यास भी किया गया। इस दौरान डॉ. रावत ने फलद्वाड़ी, सैंजी, बुरांसी सहित पांच गांवों के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *