*देहरादून -* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में प्रदेश के युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने को लेकर बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

 

मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशी भाषा प्रशिक्षण को कौशल विकास कार्यक्रम के रूप में विकसित किया जाए, ताकि स्कूली छात्र, आईटीआई छात्र, नर्सिंग और मेडिकल क्षेत्र के युवाओं सहित अन्य इच्छुक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

 

*बैठक में लिए गए अहम फैसले -*

 

– *समग्र प्रस्ताव बनेगा:* कार्मिक और वित्त विभाग अन्य विभागों के साथ समन्वय कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समग्र प्रस्ताव तैयार करेंगे। इसका मकसद युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार करना है।

– *हर जिले में सेंटर:* कौशल विकास विभाग द्वारा देहरादून, अल्मोड़ा और बागेश्वर में चल रहे विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्रों को पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा। हर जनपद में सेंटर खोला जाएगा और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

– *स्कूलों में भी पढ़ाई:* शिक्षा विभाग सभी अटल उत्कृष्ट विद्यालयों और राजीव नवोदय विद्यालयों में अंग्रेजी के अलावा अन्य विदेशी भाषाओं की पढ़ाई के लिए योजना बनाएगा।

– *ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लास:* प्रशिक्षण प्रत्यक्ष और ऑनलाइन दोनों माध्यम से चलेगा। युवाओं को मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेट दिया जाएगा और रोजगार से जोड़ने के लिए एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाएगा।

– *नर्सिंग में विदेशी भाषा:* सरकारी नर्सिंग कॉलेजों में पढ़ रहे करीब 600 छात्रों के पाठ्यक्रम में विदेशी भाषा को शामिल किया जाएगा, जिससे उन्हें विदेश में नौकरी के अवसर मिल सकें।

– *दून विवि का सहयोग:* प्रशिक्षण के लिए दून विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा पढ़ रहे छात्रों की मदद ली जाएगी। प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों को शैक्षणिक क्रेडिट या अन्य प्रोत्साहन देने की व्यवस्था भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *