*देहरादून।* सिविल सर्विसेज इंस्टीट्यूट, राजपुर रोड में सोमवार 03 अगस्त 2026 को “Viksit Uttarakhand Vision 2047” पर हाई लेवल ब्रेनस्टॉर्मिंग बैठक आयोजित की गई। प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु ने बताया कि विजन 2047 का ड्राफ्ट लगभग तैयार है। अगले चरण में प्रत्येक जनपद के लिए विजन 2047 कार्ययोजना बनाई जाएगी, जिसे दिसम्बर 2026 तक तैयार कर लिया जाएगा।
बैठक में उद्यानिकी, पर्यटन, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग जैसे प्रमुख ग्रोथ ड्राइवरों को बढ़ावा देने और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया गया। समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए बालिकाओं को STEM शिक्षा देने पर बल दिया गया। साथ ही सभी संकेतकों के प्रभावी अनुश्रवण हेतु केन्द्रीयकृत डाटा सिस्टम बनाए जाने की आवश्यकता बताई गई। बैठक में प्रमुख सचिव नियोजन आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सभी सचिव, मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, सेतु आयोग और CPPGG के विशेषज्ञ मौजूद रहे।
