*देहरादून, 18 अक्टूबर 2026 -* कैबिनेट मंत्री और सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने महादेव और मां भगवती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
गौरतलब है कि पारिवारिक विवाद और स्वास्थ्य कारणों से मंत्री पिछले दो दिन से देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं। आज स्वस्थ होने के बाद उन्होंने मंदिर में दर्शन किए।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मां भगवती और महादेव के आशीर्वाद तथा सभी साथियों की दुआओं से स्वस्थ होकर वह आज से पुनः अपनी देवतुल्य जनता की सेवा और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में अग्रसर हो रही हैं।
उन्होंने इस कठिन समय में साथ देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सरकार, सभी जनप्रतिनिधियों, पक्ष-विपक्ष के साथियों और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि _”आपका स्नेह ही मेरी असली शक्ति है, जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”_
मंत्री ने कहा कि सोमेश्वर सहित पूरे उत्तराखंड के विकास और जनसेवा के लिए उनका हर पल समर्पित रहेगा।
