*सेलाकुई / देहरादून, 20 अक्टूबर 2026 -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में 20.55 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें 20.21 करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास और 34 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने परिसर में प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका का शिलान्यास किया, जबकि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और दंत चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है और नई सुविधाओं से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। उन्होंने बताया कि परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में 5 राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, 2 निर्माणाधीन हैं, साथ ही 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल चल रहे हैं। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान और किच्छा में 351 करोड़ की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर बन रहा है। टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस से दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सख्त नकल विरोधी कानून के बाद बीते 5 वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *