देहरादून 21 अक्टूबर 2026 – मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उन्होंने राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों के संपूर्ण कायाकल्प पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि विद्यालयों का संचालन अब सोसाइटी के माध्यम से होगा। इसके लिए राज्य स्तर पर शासी निकाय और जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी। इसके लिए एक लीगल फ्रेमवर्क तैयार करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में स्थायी प्रधानाचार्य और समर्पित शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित हो, उच्च शिक्षा और शोध पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाए। प्रवेश प्रक्रिया नया सत्र शुरू होने से एक माह पहले पूरी कर ली जाए।
साथ ही शिक्षा के साथ एक्स्ट्रा करिकुलम, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चिकित्सा सुविधा के लिए वाहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। जब तक स्थायी भर्ती नहीं होती, तब तक डीएम स्तर पर अस्थायी शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी और सभी सुविधाएं छात्रों को निशुल्क दी जाएंगी।
