*देहरादून 21 अक्टूबर 2026 -* एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कल 20 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान ऋषिकेश बाईपास रोड पर योगनगरी रेलवे स्टेशन से आगे गंगानगर रेलवे अंडरपास के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगा। पीछा कर पुलिस ने उसे जंगल में 30 मीटर अंदर पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास से 21.91 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। साथ ही एक मोबाइल फोन और 290 रुपये नकद भी बरामद हुए।
आरोपी की पहचान खुर्रम पुत्र इनाम, निवासी शेखपुरा कदीम, सहारनपुर, यूपी उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह सहारनपुर में फेरी लगाता है और स्मैक बेचने ऋषिकेश आया था। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
