*देहरादून, 23 अक्टूबर -* वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किराए के मकान में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रही मुख्य अभियुक्ता महिला समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटेलनगर क्षेत्रांतर्गत संस्कृति लोक कॉलोनी, लेन नंबर-01 स्थित एक मकान में किराए पर कमरा लेकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल मौके पर औचक छापेमारी की तो एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। तलाशी में उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और देह व्यापार से कमाए गए 3500 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य अभियुक्ता अजमीरा (42 वर्ष) निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी ने मकान किराए पर लेकर यह धंधा शुरू किया था। वह बाहरी प्रदेशों और जनपदों से महिलाओं को देहरादून बुलाती थी। ग्राहकों से फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर उन्हें लड़कियों की फोटो भेजती थी और उनकी पसंद के अनुसार किराए के कमरे में बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराती थी। पुलिस ने अजमीरा के अलावा शेख अजीजल (30 वर्ष), रजनी (25 वर्ष) निवासी खेड़ा कैंप रुद्रपुर उधमसिंह नगर और अन्नू (23 वर्ष) निवासी डेंसो चौक सिडकुल हरिद्वार को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, व0उ0नि0 मुकेश थलेड़ी, चौकी प्रभारी ISBT जयवीर सिंह सहित अन्य शामिल रहे।
