*देहरादून -* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में निजी विश्वविद्यालयों में नर्सिंग पाठ्यक्रमों के संचालन को लेकर गठित एम्पावर्ड समिति की बैठक हुई। बैठक में नर्सिंग शिक्षा के मानकों, मेडिकल मानव संसाधन की उपलब्धता और विदेशों में रोजगार के अवसरों पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि निजी विश्वविद्यालयों में नर्सिंग कोर्स के लिए तय सभी शैक्षणिक और बुनियादी मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि निजी विश्वविद्यालयों में नर्सिंग कोर्स के लिए कुल 73 आवेदन आए थे, जिनमें से स्क्रूटनी के बाद 6 योग्य पाए गए। समिति ने 5 आवेदनों को योग्य माना, जबकि एक आवेदन को अगली बैठक में रखने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ का व्यवस्थित डाटा बैंक तैयार करने को कहा, ताकि प्रदेश में मांग और उपलब्धता के बीच बेहतर समन्वय बन सके।

मुख्य सचिव ने वित्तीय वर्ष 2027-28 में 500 नर्सेज और वार्ड बॉय को विदेशों में रोजगार दिलाने का लक्ष्य तय किया। इसके लिए पश्चिम एशिया, पश्चिमी यूरोप, एस्टोनिया और खाड़ी देशों में मांग, योग्यता और भाषा दक्षता का अध्ययन करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निजी अस्पतालों में प्रति बैड के तय मानकों के अनुसार नर्सिंग स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *