*देहरादून, 23 अक्टूबर -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर ग्राउंड, ONGC देहरादून में ONGC ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं, इसलिए उन्हें नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से खेल, योग और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने और अच्छी संगति व सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और इस अभियान में नेतृत्वकर्ता बनें।
CM ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों को मिलकर यह संदेश हर घर-गांव तक पहुंचाना होगा। राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ ही जनजागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी काम कर रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद उपाध्यक्ष अशोक वर्मा और ONGC ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह बिष्ट सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
