*राजस्थान / डीग 22 अक्टूबर -* राजस्थान के डीग जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां एक मां ने ही अपने 13 साल के जुड़वां बेटों की बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना जनूथर थाना क्षेत्र के बडेसरा गांव की है। मृतकों की पहचान विनय और विष्णु चौधरी के रूप में हुई है। मंगलवार 20 अक्टूबर दशहरे के दिन सुबह दोनों बच्चों के शव घर के पास एक खाली प्लॉट में मिले थे।
*पहले गला दबाया, फिर कुल्हाड़ी से वार -*
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चों के गले पर कुल्हाड़ी से वार किया गया और सिर पर गंभीर चोटें थीं। एक बच्चे का गला दबाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। शव मिलने के बाद पुलिस को घर के पास कुएं में खून से सने कपड़े और कुल्हाड़ी मिली थी।
*हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग -*
आरोपी मां का नाम प्रीति है। उसके पति निरंजन सिंह की 5 साल पहले मौत हो गई थी जिसके बाद वो मायके में रह रही थी। गांव के ही राजेश नाम के शख्स से उसके प्रेम संबंध थे।
पुलिस का कहना है कि प्रेमी को पहले पति के बच्चे स्वीकार नहीं थे और जुड़वां बेटे इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इस कारण मां ने प्रेमी और अपने 16 साल के बड़े बेटे के साथ मिलकर साजिश रची।
*पुलिस ने किया खुलासा -*
एसपी शरण गोपीनाथ ने बताया कि 6 घंटे की जांच में ही सुराग मिल गया था कि हत्या घर के अंदर ही की गई है। घर की बड़ी पानी की टंकी खाली थी, घर की सफाई और मां का अजीब व्यवहार और मोबाइल चैट से शक गहराया।
पुलिस ने मां प्रीति, उसके प्रेमी राजेश और नाबालिग बड़े बेटे को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
