*देहरादून 22 अक्टूबर 2026 -* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक हुई।
बैठक में मुख्य सचिव ने 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सेवा सीधे लोगों की जान से जुड़ी है, इसलिए पुरानी और 3 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी करीब 50 एंबुलेंस को तत्काल बदला जाए। बदलाव चरणबद्ध हो लेकिन इसमें देरी न हो।
मुख्य सचिव ने कहा कि एंबुलेंस की मॉनिटरिंग के लिए विभाग में मैकेनिज्म बनाया जाए। NHM में एक डेडिकेटेड टीम बनाई जाए जो साप्ताहिक और मासिक निगरानी करे। केवल एवरेज रिस्पांस टाइम नहीं बल्कि हर केस में पहुंचने के वास्तविक समय का विश्लेषण किया जाए ताकि देरी के कारणों का पता चले।
उन्होंने एंबुलेंस में जीवनरक्षक उपकरणों की हर महीने जांच और इसके लिए जिम्मेदारी तय करने को कहा। साथ ही जल्द ही एक मोबाइल ऐप बनाने के निर्देश दिए ताकि मरीज की लोकेशन के आधार पर निगरानी आसान हो। सरकारी एंबुलेंस को भी सुविधायुक्त कर इस व्यवस्था में जोड़ा जाएगा।
वर्तमान में प्रदेश में 272 एंबुलेंस 108 सेवा में और 250 से ज्यादा सरकारी एंबुलेंस संचालित हैं।
