*देहरादून, 23 अक्टूबर -* SSP देहरादून की रणनीति के तहत चल रहे ऑपरेशन प्रहार में राजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग युवती को भगा ले जाने के मामले में 2 साल से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी अभियुक्त को पंचकूला हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नाबालिग को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

5 मई 2024 को वादिनी ने थाना राजपुर में तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई जबरदस्ती भगा ले गया है। तहरीर पर थाना राजपुर में धारा 363 IPC के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि बिजनौर यूपी निवासी विनय पुत्र राजेश नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया था। पुलिस लगातार उसके ठिकानों पर दबिश देती रही, लेकिन वह लगातार ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। इस पर IG गढ़वाल ने उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।

SSP देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर और SOG की संयुक्त टीम ने सर्विलांस और सुरागरसी से जानकारी जुटाई तो पता चला कि आरोपी नाबालिग के साथ पंचकूला हरियाणा में छिपा है। टीम ने 22 अक्टूबर को पिंजौर पंचकूला से इनामी विनय (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद किया। पूछताछ के आधार पर मुकदमे में धारा 366(A)/376(3) IPC व 5(l)/6 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *