*देहरादून, 24 अक्टूबर -* अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ MDDA ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। प्राधिकरण ने मसूरी, पौंधा, बिधौली और शिमला बाईपास क्षेत्र में 7 स्थानों पर कार्रवाई की।
*शिमला बाईपास और पौंधा में कार्रवाई:* शिमला बाईपास रोड ढकरानी हरबर्टपुर में गौरव रावत द्वारा करीब 20 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया। वहीं पौंधा रोड पर राजेंद्र अग्रवाल द्वारा 30-40 बीघा पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को सील किया गया।
*मसूरी में अवैध निर्माण सील:* मसूरी के विन्सेन्ट हिल, क्रेग टॉप एस्टेट, वैवरली, हाथीपांव रोड में अरुण सहगल और राहुल रोहानी से संबंधित अवैध निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
*बिधौली में कैफे- दुकानें सील:* यूपीईएस कॉलेज के निकट बिधौली में 5 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अक्षय पंवार, रवि शंकर, गायत्री शर्मा और माही कैफे के नाम से बिना नक्शा पास कराए चल रहे कैफे और दुकानों को सील किया गया।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि सुनियोजित विकास प्राथमिकता है, नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने या निर्माण से पहले स्वीकृत लेआउट और अनुमति जरूर जांच लें।
