*देहरादून, 24 अक्टूबर -* प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती होगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को शासकीय आवास पर हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाचार्यों की पदोन्नति प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा।

डॉ. रावत ने बताया कि विभिन्न जनपदों में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक पद रिक्त हैं, जिन पर भर्ती कर विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में छात्र संख्या कम होने के बावजूद जरूरत से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं, ऐसे शिक्षकों को छात्र संख्या अधिक वाले विद्यालयों में समायोजित किया जाए।

उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति जल्द पूरी करने और विभागीय योजनाओं के भूमि-पूजन, शिलान्यास और लोकार्पण करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, महानिदेशक आकांक्षा कोंडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री ने यह भी बताया कि ब्लॉक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान बनाया जाएगा, जिसके लिए शिक्षा विभाग भूमि उपलब्ध कराएगा और खेल विभाग के साथ जल्द एमओयू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *