*सोमेश्वर, अल्मोड़ा।* सोमेश्वर विधानसभा में आयोजित जनसभा और धन्यवाद रैली में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या शामिल हुईं। रैली में हजारों कार्यकर्ता और मातृशक्ति उमड़ी।
जनसमर्थन देख रेखा आर्या भावुक हुईं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। विषम परिस्थितियों में जनता ने जो प्रेम और अपनत्व दिखाया, वही मेरी असली ताकत है। सोमेश्वर का विकास मेरी प्राथमिकता है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष उनकी परिस्थितियों पर अनर्गल सवाल उठा रहा है। पहले कांग्रेस अपने कार्यकाल का हिसाब दे। बताए कि सत्ता में रहते सोमेश्वर के लिए क्या किया। उनके समय कितने घोटाले हुए, जनता जानती है। बयानबाजी से विश्वास नहीं जीता जाता।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए राजनीति पद नहीं, सेवा है। कितनी भी चुनौतियां आएं, पीछे नहीं हटूंगी।
रैली में जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, वंदना आर्या, राजू रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
