*देहरादून।* उत्तराखंड में ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। यूजेवीएन लिमिटेड की 72 मेगावाट क्षमता की त्यूणी-प्लासू जल विद्युत परियोजना को भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से अंतिम वन स्वीकृति प्राप्त हो गई है।

इस स्वीकृति के बाद जनपद देहरादून की त्यूणी तहसील में टौंस नदी पर प्रस्तावित इस परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 298.51 मिलियन यूनिट यानी 29.85 करोड़ यूनिट विद्युत उत्पादन का अनुमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उत्तराखंड को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राज्य में जल विद्युत उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए उनका उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि यह लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों की सफलता है। इससे निर्माण कार्यों को गति मिलेगी। निगम सभी वैधानिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री धामी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम तथा प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण आरके सुधांशु के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *