*देहरादून।* तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में की। सम्मेलन 13 नवंबर 2026 को डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम, दून विश्वविद्यालय में आयोजित होगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि सम्मेलन में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ताकि उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ राज्य के विकास को मिल सके। पूरे भारत का प्रतिनिधित्व हो और युवाओं पर विशेष फोकस रखा जाए।
बैठक में डेलीगेट्स के पंजीकरण, उद्घाटन सत्र की रूपरेखा, प्रतिष्ठित अतिथियों के चयन, पैनल चर्चा के विषय, पैनलिस्ट निर्धारण, समयावधि, सांस्कृतिक संध्या, यातायात प्रबंधन और लाइव प्रसारण की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने सभी कार्यों की चेकलिस्ट बनाने और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। प्रवासी प्रकोष्ठ को मंगलवार तक कार्यक्रम की रूपरेखा फाइनल करने को कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ आर राजेश कुमार, दीपेंद्र चौधरी, युगल किशोर पंत, DG सूचना बंशीधर तिवारी, सुधीर नौटियाल सहित अधिकारी मौजूद रहे।
