*देहरादून।* राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पवेलियन ग्राउंड, देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। इसके लिए जल्द बैठक होगी। प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाया जाएगा, जिससे ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा।

सीएम ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी जमीन युवा कल्याण विभाग को देने का ऐलान किया। यहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की पुरस्कार राशि भी बढ़ा दी गई है। अब न्याय पंचायत स्तर पर 400, 300, 200 रुपये, विधानसभा स्तर पर 700, 500, 400 रुपये, संसदीय क्षेत्र स्तर पर 1000, 800, 600 रुपये और राज्य स्तर पर 2000, 1500, 1000 रुपये दिए जाएंगे।

वहीं मुख्यमंत्री कप की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख कर दी गई है। चैंपियनशिप में अब 32 की जगह 50 खेल होंगे, जिसमें पारंपरिक खेलों को भी जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए और विकसित भारत के संकल्प में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर भी गहरा दुख जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *