*देहरादून * मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। साथ ही ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया।
*नए प्रतीक का मतलब*
सीएम धामी ने कहा कि नया स्वरूप सिर्फ वर्दी बदलना नहीं है, बल्कि गौरव, शौर्य और अनुशासन को मजबूत करना है। पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ है। नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। अब पुलिस का ध्वज गहरे नीले रंग का होगा। इससे पहले ध्वज का अनावरण 2008 में हुआ था।
*भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस*
सीएम ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार की शिकायत हेल्पलाइन 1064 पर दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि 1064 हेल्पलाइन की भी सीएम हेल्पलाइन की तरह नियमित समीक्षा की जाए।
*6 नवंबर को मिलेगा बड़ा सम्मान*
मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से सम्मानित करेंगे। इस दौरान जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड करेंगे।
इस मौके पर सीएम ने IPS में प्रमोट हुई शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को भी शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, DGP दीपम सेठ सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
