* देहरादून*

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस मुख्यालय का औचक निरीक्षण कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। कम धामी ने अधिकारियों से फीडबैक लेकर उन्हें कई दिशा निर्देश भी दिए।आपको बता दें कि प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बढ़ते आपराधिक घटनाओं से प्रदेशवासियों के मन में भय का माहौल बन रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने के आरोप भी लग रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के पुलिस हेडक्वार्टर में औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान प्रदेश में घटित कई घटनाओं के सिलसिले में मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों की क्लास भी लगाई।

कानून व्यवस्था को बेहतर करने के लिए मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश भी दिए कि डेमोग्रेफी चेंज, धर्मान्तरण, लव जिहाद के प्रकरणों पर यथाशीघ्र कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य का शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जाए तथा आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों पर नियमित निगरानी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिये कि उन्होंने जिन थानों से नौकरी की शुरूआत की है, उन थानों का स्थलीय निरीक्षण करें, आवश्यकतानुसार संबंधित थानों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी वे सहयोगी बनें।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए एवं प्रदेश में आने-जाने वालों पर निगरानी रखी जाए। अपराधों को कम करने की दिशा में लगातार कार्य किये जाएं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि महिला अपराधों को रोकने के लिए और उन्हें जल्द न्याय दिलाने के लिए वरिष्ठ महिला आईपीएस अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाए। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाने, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, इंटेलीजेंस व्यवस्था को और मजबूत बनाये जाने और रात्रि पेट्रोलिंग की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिये। जिन क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियां बढ़ी हैं, ऐसे क्षेत्रों की सतत निगरानी करते हुए गश्त बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कार्मिकों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाए। साइबर अपराध एवं तकनीक आधारित अन्य प्रशिक्षण समय-समय पर पुलिस कर्मियों को दिये जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *