*देहरादून*
टिहरी विधानसभा सीट से पूर्व में बीजेपी के विधायक रहे धन सिंह नेगी ने घर वापसी की है। धन सिंह नेगी अभी तक कांग्रेस में थे और अब वह एक बार फिर से बीजेपी में शामिल हो गए हैं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। आपको बता दें कि धन सिंह नेगी ने 2022 में भाजपा का दामन छोड़ दिया था। उनको बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया था। अब एक बार फिर से पूर्व विधायक धन सिंह नेगी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इस मौके पर उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस से टिहरी प्रत्याशी रहे धन सिंह नेगी की आज घर वापसी हुई है। उनके आने से पार्टी को टिहरी जिले में प्रभाव बढ़ेगा और सदस्यता अभियान में और गति मिलेगी। वहीं पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि पहले कुछ गलतफहमी के चलते पार्टी छोड़ी थी, लेकिन आज मेरे साथ सैकड़ो लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली है।
