देहरादून.
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद देश में आस्था और भक्ति का सैलाब देखने को मिल रहा है, जिस तरह से अयोध्या में भारी तादाद में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं उसको देखकर हर तरफ माहौल राममय नजर आ रहा है। इससे प्रभावित होकर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स अब अपने आधुनिक मदरसों में भगवान श्रीराम के आदर्श को पढ़ाएंगे।
शादाब शम्स ने कहा कि उत्तराखंड के मदरसों मे अब भगवान श्रीराम को पढ़ाया जाएगा। शादाब ने भगवान राम के चरित्र को खूबसूरती से पेश करते हुए कहा कि भगवान राम में बहुत सारी खूबियां थी।
उन्होने कहा कि श्रीराम सभी के हैं और उनके जैसा त्याग और तपस्या यदि सभी बच्चे सिखे तो उनके जीवन मे बड़ा बदलाव आएगा। लक्ष्मण जैसा भाई, सीताजी जैसी पत्नी हर किसी के लिए एक उदाहरण हैं कि असल मे जीवन को और रिश्तों को कैसे निभाया जाता है। शादाब ने कहा कि लोगों को राम चाहिए ना कि औरंगजेब, वह औरंगजेब जिसने अपने पिता को सलाखों के पीछे डाल दिया और इसी को देखते हुए हमने फैसला लिया है कि हम अपने मॉडर्न मदरसों में जो कि डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम के नाम से खोलने जा रहे हैं, उसमें मोहम्मद साहब के साथ-साथ श्रीराम को भी पढ़ाएंगे।
