*बिना नक्शा पास कराए बन रहे भवन सील, कई जगह ध्वस्तीकरण भी हुआ। MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले – नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा*
*देहरादून।* प्रदेश की राजधानी देहरादून में अवैध निर्माण, नियम विरुद्ध भवन निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण MDDA ने कमर कस ली है। प्राधिकरण लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनियों और बिना मंजूरी के बन रहे भवनों पर शिकंजा कस रहा है।
MDDA ने अपने पूरे क्षेत्र को सेक्टर में बांटकर विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चला रही हैं। निरीक्षण के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में बिना मानचित्र स्वीकृति के बन रहे आवासीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अवैध कॉलोनियों को चिन्हित किया जा रहा है।
*कई निर्माण सील, कुछ ध्वस्त भी*
MDDA अधिकारियों के मुताबिक देहरादून में कई स्थानों पर नियम विरुद्ध चल रहे निर्माण कार्यों को मौके पर ही सील कर दिया गया है। गंभीर मामलों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई है। वहीं अवैध प्लाटिंग कर लोगों को ठगने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
*जनता से अपील*
MDDA का कहना है कि आम जनता किसी भी भूखंड की खरीद या भवन निर्माण से पहले सभी वैधानिक अनुमतियों की जांच जरूर कर ले। इससे भविष्य में सीलिंग और ध्वस्तीकरण जैसी परेशानी से बचा जा सकता है।
प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र या निर्धारित मानकों के विपरीत किया गया कोई भी निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। शिकायत मिलते ही तुरंत टीम मौके पर भेजी जा रही है।
MDDA उपाध्यक्ष *बंशीधर तिवारी* ने कहा कि अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार के नियमों का पालन करें और किसी भी तरह के अवैध निर्माण में शामिल न हों।
