*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में विभिन्न जनहित के विषयों पर समीक्षा बैठक करते हुए प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करें और कार्यदायी संस्थाओं के काम की मॉनिटरिंग करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वे कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर औचक निरीक्षण करेंगे।
*चारधाम यात्रा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें*
बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी हो और सभी विभाग आपसी समन्वय से यात्रा को सुचारू बनाए रखें।
*जन-जन की सरकार अभियान को प्रभावी बनाएं*
मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए और जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को केंद्र में रखा जाए।
*स्वाइन फ्लू पर अलर्ट*
सीएम धामी ने स्वाइन फ्लू सहित संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अस्पतालों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता का जायजा लें। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन मिलकर रोकथाम और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
