*देहरादून।* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई इस बैठक में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को वृहद स्तर पर मनाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है जो कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग, फोटो-वीडियोग्राफी और प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे।
रेखा आर्या ने कहा कि PM के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे कार्यक्रम होंगे। विभाग संगठन के साथ मिलकर सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ काम करेगा।
