*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि मौसम और भूस्खलन की निरंतर निगरानी हो, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई जाए और आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू की तैयारी रहे। होल्डिंग एरिया में सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम में भीड़ नियंत्रण के लिए 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवा व्यवस्थित करने और खरसाली से वैकल्पिक मार्ग पर कार्रवाई के निर्देश दिए। केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। घोड़ा-खच्चर संचालन में मानकों का पालन और पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य करने को कहा।
सीएम ने यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण और गंगोत्री मार्ग को गड्ढामुक्त करने में तेजी लाने, स्यानाचट्टी और ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग पर यातायात प्रबंधन दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। धामों में अलाव, स्वास्थ्य सेवाएं, ऑक्सीजन, स्वच्छता, शौचालय, पेयजल और आपातकालीन संचार व्यवस्था पुख्ता करने को कहा। हेली टिकट निर्धारित दरों पर ही बेचने और ओवरचार्जिंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 14 सितंबर शाम 7 बजे तक 66.07 लाख पंजीकरण हो चुके हैं और 50.56 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसमें बदरीनाथ में 17.36 लाख, केदारनाथ में 14.98 लाख, गंगोत्री में 7.89 लाख, यमुनोत्री में 7.08 लाख और हेमकुंड में 3.22 लाख श्रद्धालु शामिल हैं।
