*पिथौरागढ़ / गुंजी, 24 अक्टूबर -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ के गुंजी में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में प्रतिभाग किया। उन्होंने 70 किमी और 42 किमी दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत किया और देशभर से आए धावकों का उत्साहवर्धन किया। गुंजी पहुंचने पर रं समुदाय ने पारंपरिक वेशभूषा पहनाकर CM का स्वागत किया।

CM ने कहा कि आदि कैलाश परिक्रमा रन सिर्फ मैराथन नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति की परीक्षा है। कठिन रास्तों और कम ऑक्सीजन के बीच दौड़ में भाग लेना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए सेना, ITBP और SSB को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2025 में पहले संस्करण में 700 से अधिक धावकों ने भाग लिया था और इस वर्ष इनर लाइन परमिट की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने घोषणा की कि अगले साल मई के प्रथम सप्ताह में माणा पास से औली तक 100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सीमांत गांवों को प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है और आदि कैलाश जैसे आयोजनों से साहसिक पर्यटन के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। सरकार उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन का हब बनाने के लिए ट्रेकिंग, राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।
