*पिथौरागढ़ -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें 105.30 करोड़ की 33 योजनाओं का लोकार्पण और 178.76 करोड़ की 34 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान CM ने 9 बड़ी घोषणाएं भी कीं और स्वरोजगार योजनाओं के तहत लाभार्थियों को 1 करोड़ से अधिक के चेक वितरित किए। कार्यक्रम में जनसभा के साथ पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सुना गया।

CM ने कहा कि ये योजनाएं सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगी। प्रधानमंत्री के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या 1 लाख से अधिक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे होमस्टे और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 750 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज में MBBS प्रवेश शुरू हो गया है, पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट रोड से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और नैनीसैनी एयरपोर्ट को 450 करोड़ से विकसित किया जा रहा है।

CM ने कहा कि सरकार ने नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा है और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। महिलाओं के लिए लखपति दीदी, समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून जैसे फैसले लिए गए हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से आदि कैलाश यात्रा सुगम हुई है। कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल, फकीर राम टम्टा, मेयर कल्पना देवलाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *