*भराड़ीसैंण (गैरसैंण) -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गैरसैंण में प्रेस वार्ता में कहा कि 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसमें 4,164.32 करोड़ पूंजीगत और 3,679.86 करोड़ राजस्व मद में रखे गए हैं। CM ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2047 तक उत्तराखंड को विकसित और समृद्ध राज्य बनाना है।
CM ने बताया कि 2022 में प्रदेश की जीडीपी 2.55 लाख करोड़ थी, जो 2026-27 में 3.82 लाख करोड़ होने का अनुमान है। प्रति व्यक्ति आय 1.95 लाख से बढ़कर 2.74 लाख हुई है। नीति आयोग के SDG इंडेक्स में उत्तराखंड ने 79 अंकों के साथ देश में प्रथम स्थान पाया है। स्टार्टअप 702 से बढ़कर 1,978 और MSME इकाइयां 60 हजार से 1 लाख तक पहुंची हैं।
अनुपूरक बजट में स्थानीय निकायों की हिस्सेदारी 10.5% से बढ़ाकर 12.5% करने के लिए 721 करोड़, किसानों से धान-गेहूं खरीद के लिए 1,100 करोड़, जल जीवन मिशन के लिए 300 करोड़, दिव्य कुंभ के लिए 290 करोड़, गैरसैंण बांध के लिए 122 करोड़, अटल आयुष्मान के लिए 100 करोड़ और डिजिटल लर्निंग के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
