*देहरादून -* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विकासनगर से लेकर ऋषिकेश तक 5 अलग-अलग जगहों पर बड़ी कार्रवाई की गई।

 

प्राधिकरण ने विकासनगर और रायवाला में कुल तीन जगहों पर अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी से ध्वस्त किया, जबकि ऋषिकेश क्षेत्र के हरिपुर कला और रायवाला में दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। MDDA का कहना है कि बिना अनुमति जमीन के टुकड़े कर बेचने वालों पर सख्ती जारी रहेगी।

*कहाँ-कहाँ हुई कार्रवाई:*

*1. भीमावाला, विकासनगर -* छोटी कैनाल रोड पर नायरा पेट्रोल पंप के पीछे संजय चौहान व अन्य द्वारा लगभग 4 से 5 बीघा भूमि पर बिना अनुमति कॉलोनी काटी जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी प्लॉटिंग ध्वस्त कर दी।

*2. शक्ति कैनाल, विकासनगर -* डॉक्टरगंज के पुल नंबर 1 और 2 के बीच शक्ति कैनाल के समीप आशु उनियाल, हर्ष रावत व अन्य द्वारा 5 बीघा में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी जेसीबी चलाई गई।

*3. रायवाला, ऋषिकेश -* प्रेम दत्त जोशी द्वारा बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए 5 बीघा भूमि पर प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। इसे भी प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया।

*4 और 5. दो निर्माण सील -* हरिपुर कला की गली नंबर 5 में कपिल मदान द्वारा बनाए जा रहे अवैध निर्माण और हरिद्वार रोड पर रायवाला में पंजाब नेशनल बैंक के निकट तुषार नरूला द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील कर दिया गया।

MDDA उपाध्यक्ष के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि सस्ते के चक्कर में अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। खरीदने से पहले MDDA कार्यालय से लेआउट और मानचित्र स्वीकृत है या नहीं, इसकी पुष्टि जरूर करें, नहीं तो भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *