*देहरादून, 1 नवंबर 2026।* खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन समारोह आज देहरादून में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि रहे, उनके साथ खेल मंत्री रेखा आर्या ने शिरकत की। कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने मलखंब और योग की शानदार प्रस्तुतियां देकर सबका दिल जीत लिया।
*पिछले साल से एक लाख ज्यादा खिलाड़ी*
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस साल खेल महाकुंभ में ऐतिहासिक भागीदारी रही है।
– 2025 में 2.19 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था
– 2026 में यह संख्या बढ़कर 3.17 लाख हो गई
– कुल ऑनलाइन पंजीकरण 3.33 लाख हुए
इस बार कुल 32 खेल विधाओं को शामिल किया गया। न्याय पंचायत स्तर पर 662, विधानसभा स्तर पर 70 और संसदीय क्षेत्र स्तर पर 8 स्तर की प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें पारंपरिक खेलों के साथ ओलंपिक खेलों को भी जगह दी गई, ताकि गांव-देहात की प्रतिभाओं को भी बड़ा मंच मिले।
*विजेताओं पर होगी 11.50 करोड़ की बारिश*
मंत्री ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों में कुल 11.50 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि बांटी जाएगी। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को नकद इनाम, मेडल और प्रमाण-पत्र दिए गए। राज्य स्तर के खिलाड़ियों को अलग से ट्रैकसूट, स्पोर्ट्स किट, जूते और भोजन की व्यवस्था भी सरकार ने की।
*खेल मंत्री का बयान -*
रेखा आर्या ने कहा, “खेल महाकुंभ उत्तराखंड की प्रतिभाओं के लिए सशक्त मंच बन चुका है। खिलाड़ियों की मेहनत ही उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में नई पहचान दिलाएगी। आज खेल सिर्फ शरीर और मन के विकास का जरिया नहीं, बल्कि रोजगार, सम्मान और भविष्य बनाने का अवसर भी है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रेनिंग पर तेजी से काम कर रही है। लक्ष्य है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करें।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी प्रेरित करें।
इस मौके पर राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, उपनिदेशक नीरज गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरुंग सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
