*देहरादून।* मिनी स्टेडियम ननूरखेड़ा में रविवार को खेल महाकुंभ-2026 एवं मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का विजेता देहरादून जनपद रहा, जिसे CM ने ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर http://meroyuva.in पोर्टल का भी विमोचन किया। समारोह में मलखंब और आर्टिस्टिक योग की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 सितंबर को चम्पावत के टनकपुर से शुरू हुई खेल महाकुंभ यात्रा न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र होते हुए राज्य स्तर तक पहुंची। इस साल 32 खेलों में 662 न्याय पंचायतों में प्रतियोगिताएं हुईं और 3.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जो पिछले साल के 2.20 लाख से कहीं अधिक है। उन्होंने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को 11.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि DBT से सीधे खातों में भेजी जा रही है और राज्य स्तरीय पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में विकसित करना सरकार की प्रतिबद्धता है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि CM धामी के नेतृत्व में उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए सहायता दी जा रही है। लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो गया है और क्रीड़ा विश्वविद्यालय पर काम चल रहा है। समारोह में सांसद नरेश बंसल, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक दीप्ति सिंह सहित अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
