*देहरादून, 1 नवंबर 2026।* एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के बाद चलाए जा रहे चेकिंग अभियान का बड़ा असर दिखा है। कोतवाली पटेलनगर पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें जवाबी फायरिंग में 2 शातिर बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है।

*कैसे हुई मुठभेड़?*

31 अक्टूबर की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि पटेलनगर और विकासनगर में चोरी-नकबजनी करने वाले बदमाश फिर से देहरादून में आए हैं और बंद घरों की रैकी कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने नया गांव क्षेत्र में चेकिंग तेज कर दी।

रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास सिंहनीवाला की ओर से आ रही संदिग्ध स्प्लेंडर बाइक को रोकने का इशारा किया गया तो बाइक सवार दोनों बदमाश पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो भुड़पुर की ओर कच्चे रास्ते पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया, जिससे सरकारी वाहन का शीशा टूट गया।

बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई तो दोनों जंगल की ओर भागे और फिर से पुलिस पर फायर किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।

*कौन हैं बदमाश?*

घायल बदमाशों की पहचान –

1. *समीम पुत्र इलियास* निवासी रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, उम्र 35 साल

2. *शहजाद पुत्र इकलाख* निवासी रामपुर, रुड़की, हरिद्वार, उम्र 40 साल के रूप में हुई।

दोनों हरिद्वार के रहने वाले शातिर चोर हैं। दोनों पर देहरादून और हरिद्वार में गैंगस्टर सहित दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में बताया कि वह आज भी चोरी करने के इरादे से आए थे और बंद घरों की रैकी कर रहे थे। बाइक पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।

*बरामदगी:*

पुलिस ने मौके से 2 देसी तमंचे 315 बोर, 4 जिंदा कारतूस, 6 खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर बाइक बरामद की।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 827/26 धारा 109(1) BNS और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *