*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया। CM ने कहा कि ये दोनों पहलें सुशासन को मजबूत बनाने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी। देवभूमि परिवार पोर्टल पर पंजीकरण के बाद हर परिवार को एक विशिष्ट परिवार ID मिलेगी, जिससे बार-बार दस्तावेज देने और विभागों के चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगा। इससे पात्र लाभार्थियों की पहचान और विभागों में बेहतर समन्वय होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि PM मोदी ने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा, उसी प्रेरणा से विजन-2047 बनाया गया है। यह केवल लक्ष्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि समग्र विकास की कार्ययोजना है। विजन में लगभग 440 संकेतकों के आधार पर लक्ष्य तय किए गए हैं। 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 28 लाख करोड़, प्रतिव्यक्ति आय 20 लाख, बेरोजगारी दर 3.5% और गरीबी 0.61% तक लाने का लक्ष्य है। ऊर्जा क्षमता 22 हजार मेगावाट और वन आच्छादन 46.6% तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

CM ने बताया कि डबल इंजन सरकार में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल और चारधाम सड़क परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। प्रदेश की जीएसडीपी में 7.23% की वृद्धि, प्रतिव्यक्ति आय में 41% और रिवर्स पलायन में 44% की बढ़ोतरी हुई है। 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इस दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *