*खटीमा।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित मॉडल प्राथमिक विद्यालय नगला तराई का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 65.07 लाख रुपये की लागत से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में निर्मित मंच और परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया।

लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण क्षण बिताए। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत की, चॉकलेट और उपहार वितरित किए और उनके शारीरिक विकास के लिए लगाए गए झूलों पर स्वयं बच्चों को झूला झुलाया। CM के इस व्यवहार से बच्चे और ग्रामीण उत्साहित नजर आए। उन्होंने स्मार्ट क्लास और प्रयोगशाला का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM ने कहा कि IGL और सरकारी विभागों के सहयोग से करोड़ों की लागत से निर्मित यह मॉडल स्कूल अत्यंत गौरवशाली है। वर्तमान में यहां लगभग 70 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जहां 5 आधुनिक कक्ष तैयार किए गए हैं। यहां विशेष रूप से स्टेम लैब स्थापित की गई है, जहां बच्चे खेल-खेल में विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग और गणित सीख सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमांत गांवों को भारत का पहला गांव घोषित किया है। इस क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर, कृषि, मधुमक्खी पालन, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विकास की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए सरकार व्यापक कार्य कर रही है। 32 पीएम श्री विद्यालयों के लिए 4 करोड़ से अधिक की राशि जारी की गई है। कक्षा 1 से 12 तक के 1,45,000 छात्र-छात्राओं को नोटबुक के लिए लगभग 8 करोड़ की व्यवस्था की गई है।

डिजिटल शिक्षा पर जोर देते हुए CM ने बताया कि 11वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों और महाविद्यालयों के छात्रों को टैबलेट दिए जा रहे हैं। राज्य के 87 माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल क्लास, 264 में स्मार्ट क्लास और 16 में कंप्यूटर लैब स्थापित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि पीएम श्री थारू राजकीय इंटर कॉलेज में 3.24 करोड़ से डिजिटल लाइब्रेरी और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। रुद्रपुर में 1 करोड़ से अधिक से जिला पुस्तकालय और खटीमा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 5 करोड़ से अधिक लागत से नए भवन का निर्माण चल रहा है।

CM ने कहा कि 152 राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 8 से 10 तक के 16,000 से अधिक विद्यार्थियों को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है। वहीं कक्षा 11-12 के छात्रों को NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।

अंत में मुख्यमंत्री ने छात्रों को संघर्ष से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और शिक्षकों से बच्चों की रुचि और क्षमता पहचानकर मार्गदर्शन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, DM नितिन सिंह भदौरिया, SSP अजय गणपति, CDO दिवेश शाशनी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *