*देहरादून।* मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग और नियमविरुद्ध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को प्राधिकरण की टीम ने डोईवाला क्षेत्र में पांच स्थानों पर करीब 60 से 65 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही मैगी प्वाइंट और पुरुकुल रोड पर मानचित्र के विपरीत निर्माण पर दो प्रतिष्ठानों को सील किया गया।
MDDA की टीम ने डोईवाला के घिसरपट्टी, बुल्लावाला मार्ग, कुड़कावाला और काम्बोज कॉलोनी में अभियान चलाया। जांच में पाया गया कि बिना स्वीकृत ले-आउट और अनुमति के प्लॉटिंग की जा रही थी। घिसरपट्टी में राजू, बाबू, रोशन और मुकुल तोमर द्वारा करीब 15 से 20 बीघा, बुल्लावाला मार्ग पर कुड़कावाला में BSF हाउस के पास इमरान व अन्य की 10 बीघा, भगत सिंह कॉलोनी गली नंबर-6 में बलदेव सिंह की 5 बीघा और काम्बोज कॉलोनी में नत्थी सिंह, यशपाल, हेमंत पंचोली व अन्य की 30 से 35 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी, जिसे जेसीबी से ध्वस्त किया गया।
इसके अलावा व्यावसायिक निर्माणों पर भी शिकंजा कसा गया। मैगी प्वाइंट में जगदीश चौहान के अवैध व्यावसायिक निर्माण और पुरुकुल रोड स्थित ईडन वेलनेस एंड हॉस्पिटेलिटी में संजीव बोहरा द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया गया।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास सुनियोजित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। अवैध प्लॉटिंग और मानचित्र के विपरीत निर्माण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्लॉटिंग से पहले ले-आउट स्वीकृत कराना और निर्माण में मानकों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने जनता से अपील की कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और स्वीकृत ले-आउट की जांच जरूर करें।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शिकायतों और स्थलीय निरीक्षण के आधार पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
