*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर राज्य के कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन के उत्पादकता असंबद्ध बोनस (तदर्थ बोनस) के भुगतान को स्वीकृति दे दी है। इससे राज्य सरकार के समूह ‘ग’, ‘घ’ और पात्र समूह ‘ख’ के अराजपत्रित कर्मचारियों सहित हजारों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
वित्त विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार जिन कर्मचारियों का ग्रेड वेतन 4800 (पुनरीक्षित लेवल-8, 47,600-1,51,100) तक है और जो किसी अन्य बोनस योजना में शामिल नहीं हैं, उन्हें यह बोनस मिलेगा। बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक परिलब्धियों की सीमा 7000 रुपये तय की गई है, जिसके आधार पर पात्र कर्मचारी को अधिकतम लगभग 6908 रुपये का बोनस मिलेगा।
इस निर्णय में कैजुअल और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। छह कार्यदिवसीय कार्यालयों में पिछले तीन साल में हर साल कम से कम 240 दिन और पांच कार्यदिवसीय कार्यालयों में 206 दिन काम करने वाले पात्र दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा। इनके लिए बोनस की गणना 1200 रुपये की मासिक सीमा पर होगी, जो अधिकतम लगभग 1184 रुपये होगी।
शासनादेश के मुताबिक वही कर्मचारी पात्र होंगे जो 31 मार्च 2026 को सेवा में थे और जिन्होंने 31 मार्च 2026 तक कम से कम छह माह की निरंतर और संतोषजनक सेवा पूरी की हो। छह माह से एक साल तक की सेवा वालों को आनुपातिक आधार पर बोनस दिया जाएगा।
स्थानीय निकायों और विकास प्राधिकरणों के लाभ में होने की स्थिति में वहां कार्यरत पात्र कार्मिकों को भी यह लाभ मिलेगा, जिसका भुगतान संबंधित निकाय अपने संसाधनों से करेंगे। सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, जिला पंचायतों और कार्यप्रभारित कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने कार्मिकों के हितों के प्रति संवेदनशील है। प्रदेश के विकास में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, उन्हीं के परिश्रम से योजनाएं धरातल पर उतरती हैं। दीपावली खुशियों और समृद्धि का पर्व है, यह सौगात कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए त्योहार की खुशियों को और बढ़ाएगी। सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों के कल्याण के लिए सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी।
