खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया। यह सड़क खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक चौड़ी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आवागमन में आसानी होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता मां-बेटे जैसा है और सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय, आईटीआई और बालिका विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया गया है। जल निकासी, ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे, जहां लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
