देहरादून। एसएसपी के निर्देश पर बसंत विहार पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चोरी की 3 अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।

1 नवंबर को अंकित सिंह, अंशुल पालीवाल और अश्वनी कुमार ने थाना बसंत विहार में जीएमएस रोड स्थित दुकानों से ज्वैलरी, नगदी और सामान चोरी होने की शिकायत दी थी। पुलिस ने BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की।

टीम ने घटनास्थल के आसपास के 70 सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 2 नवंबर को मलिक चौक के पास से आरोपी सुमित उर्फ सत्यम उर्फ चीरवा (22) निवासी देहराखास, पटेल नगर को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। नशे के लिए उसने रात में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। उसके कब्जे से 1 लैपटॉप, 2 मोबाइल फोन, चांदी की पायल, चेन और 4300 रुपये नगद बरामद हुए हैं। आरोपी पर पहले से ही चोरी, नकबजनी और NDPS समेत 9 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *