केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया। 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके साथ ही उत्तराखंड यह गौरव प्राप्त करने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है। इस मौके पर गृह मंत्री ने विशिष्ट और सराहनीय सेवा के लिए पांच पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया और पुलिस के विशेष डाक आवरण व पत्रिका का विमोचन किया।

समारोह में अमित शाह ने कहा कि यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। देवभूमि में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों, चारधाम यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों की सुरक्षा उत्तराखंड पुलिस पूरी निष्ठा से संभालती है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय काम किया है और मई 2027 के बाद की FIR में तीन साल के भीतर सजा दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 206 वीर जवानों को श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता और नशामुक्त भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए उत्तराखंड पुलिस के नशा और साइबर अपराध के खिलाफ प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह निशान पुलिस की सेवा, समर्पण और अदम्य साहस की राष्ट्रीय मान्यता है। राज्य गठन के समय 13 हजार जवानों से शुरू हुई पुलिस आज 26 हजार से अधिक हो चुकी है और महिलाओं की भागीदारी 14% तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान में चार साल में 7 हजार से अधिक आरोपी गिरफ्तार और 307 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। सरकार साइबर अपराध रोकने के लिए स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर और नरेंद्रनगर पुलिस कॉलेज को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *