देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में कैंट कोतवाली में दर्ज फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए महिला को 4 कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू और उसके भतीजे सतेन्द्र राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 15 अक्टूबर का है, जब यमुना कॉलोनी निवासी रेखा आर्य ने कैंट कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप था कि गिरधारी लाल साहू ने पहले से विवाहित होते हुए भी उनसे विवाह किया, उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इतना ही नहीं, उनके फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें 4 कंपनियों – देवों के देव महादेव, बनखंडी रुद्राक्ष धाम, श्री अम्बे ऑटो डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड और श्री बनखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से निदेशक पद से हटा दिया और अपने भतीजे सतेन्द्र राठौर को निदेशक बना दिया। पुलिस ने इस तहरीर पर गंभीर धाराओं 323, 504, 506, 495, 498ए, 420, 467, 471, 120बी और एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एसपी ग्रामीण जया बलूनी के पर्यवेक्षण में 9 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया। एसआईटी ने विवेचना के दौरान ऑडियो क्लिप कब्जे में ली और कई गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद सतेन्द्र राठौर का नाम भी मुकदमे में जोड़ा गया। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी गिरधारी लाल के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और गैंगस्टर एक्ट समेत 44 मुकदमे दर्ज हैं। फरारी के बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से 6 नवंबर को गिरधारी लाल को झांसी और सतेन्द्र को बरेली के जोगी नवादा से गिरफ्तार किया। फिलहाल एसआईटी दोनों से गहन पूछताछ कर रही है।
