भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर शनिवार को संस्था के उत्तराखंड प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया और स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स और गाइड्स को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में स्काउट एवं गाइड की अहम भूमिका है। आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

इस दौरान प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर 1950 को भारत स्काउट एवं गाइड का गठन किया गया था। उत्तराखंड में हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट और युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त बंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला, वित्त समिति सदस्य जे.पी. काला, संगठन आयुक्त अंजलि चंदोला समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *