मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ी कैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स प्रशिक्षण मैदान में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में वीर जवानों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई, उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और देश की रक्षा में उनके साहस और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल रेजीमेंट के जवानों के बीच आकर उन्हें अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने जैसी अनुभूति हो रही है। हमारे घरों में जलने वाले दीपों के पीछे सैनिकों का त्याग और उनके परिवारों का समर्पण है। जब देशवासी परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं, तब जवान सीमाओं पर मुस्तैद रहकर उनकी सुरक्षा करते हैं। उन्होंने अपने सैनिक परिवार से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि उनके पिता ने उन्हें देशसेवा और अनुशासन के संस्कार दिए और अक्सर महावीर चक्र विजेता अमर शहीद जसवंत सिंह रावत की शौर्यगाथा सुनाते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल रेजीमेंट का इतिहास अदम्य साहस और बलिदान की गौरवगाथा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सैन्य शक्ति लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार ने शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख की है, सरकारी नौकरी के लिए आवेदन की समय सीमा 2 से 5 साल की है और देहरादून में सैन्यधाम का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस अवसर पर गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, IG गढ़वाल राजीव स्वरूप और सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *