मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। यह सम्मेलन उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में सार्थक संवाद हो, सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और निवेश, स्वरोजगार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में योगदान के लिए प्रोत्साहित किया जाए। आयोजन में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखनी चाहिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि सम्मेलन का आयोजन दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में होगा। इसमें ‘विकसित उत्तराखंड में प्रवासियों की भूमिका’ और ‘हौसलों की उड़ान: उत्तराखंड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ विषयों पर विशेष सत्र होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्देश्य सिर्फ एक मंच पर जुटाना नहीं, बल्कि प्रदेश के साथ स्थायी और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना है। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
