देहरादून. 07 नवंबर 2026।
23 साल पुराने बहुचर्चित जेनी दुष्कर्म प्रकरण में शनिवार को नया मोड़ आ गया। पीड़िता जेनी ने देहरादून में रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म, यौन शोषण, मानसिक प्रताड़ना और जबरन हस्ताक्षर कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
जेनी ने दावा किया कि जब उनके साथ यह सब हुआ तब उनकी उम्र महज 16 साल थी। वह मॉडलिंग के लिए देहरादून आई थीं। काम नहीं मिलने पर एक एसटीडी बूथ पर काम करने लगीं। इसी दौरान एक कांग्रेस नेता ने उन्हें हरक सिंह रावत के घर पर काम दिलाया था। हरक सिंह ने उन्हें अपने घर पर ही रहने और वहीं काम करने के लिए कहा, फिर नौकरी के सिलसिले में कई जगह ले जाकर उनका शोषण किया।
जेनी का आरोप है कि जब उन्होंने अपने बच्चे को पिता का नाम देने की बात उठाई तो उनका शोषण जारी रहा। उन्हें पागलखाने में रखवा दिया गया और जबरन हस्ताक्षर कराए गए। उनका कहना है कि जब सीबीआई की टीम उनसे मिलने पहुंची, तब वह पूरी तरह मानसिक रूप से विक्षिप्त हो चुकी थीं, इसलिए अपनी बात ठीक से नहीं रख पाईं।
जेनी ने भावुक होते हुए कहा कि उनका बेटा 23 साल का हो चुका है और अब तक बिना पिता के रह रहा है। बेटे को उसका नाम और पहचान मिलनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने बेटे का दोबारा डीएनए टेस्ट और नार्को टेस्ट कराने की मांग की। उनका आरोप है कि पहले हुई डीएनए जांच में गड़बड़ी हुई है और हरक सिंह रावत ने कभी उनके और उनके बेटे के खर्च की जिम्मेदारी नहीं उठाई।
