*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। सीएम ने डॉ. जोशी और सभी साइकिल यात्रियों को बधाई दी।
सीएम ने कहा कि 47 दिन तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति संरक्षण के प्रति समर्पण का उदाहरण है। यह यात्रा जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है। डॉ. जोशी का ‘प्रकृति ही प्रभु है’ का संदेश भारतीय संस्कृति की मूल भावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाना जरूरी है। ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट की अवधारणा विकास और पर्यावरण में संतुलन के लिए उपयोगी है। उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण जनभागीदारी से करना सरकार का संकल्प है।
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने बताया कि 2 अक्टूबर को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 3000 किमी से अधिक दूरी तय की गई। नेपाल सहित भारत के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया। यू-कॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ पर ‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर यह सम्मेलन आयोजित होगा।
