*देहरादून/टिहरी।* टिहरी जनपद में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली जा रही यात्री बस UK09PA-9779 आज सुबह करीब 4:30 बजे गूलर बाजार के समीप गूलर पुल से अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गदेरे में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से SI सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ढालवाला पोस्ट और SDRF वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में विषम परिस्थितियों में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

SDRF ने स्थानीय पुलिस और लोगों के साथ मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कुल 26 घायलों को स्ट्रेचर से दुर्गम रास्ते से सड़क तक लाकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। SDRF जवानों ने मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *