*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को होटल ताज मसूरी में EEPC India के 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान सीएम ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को आध्यात्मिक शक्ति के साथ आर्थिक शक्ति का भी बड़ा केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 1.27 लाख से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017-18 में प्रदेश से 10 हजार करोड़ का निर्यात होता था जो 2025-26 में बढ़कर 13 हजार करोड़ के पार पहुंच गया है। एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है।
सीएम ने कहा कि उधमसिंह नगर के खुरपिया में 1,100 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित हो रहा है, जिससे 7 हजार करोड़ का निवेश और 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में भी औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत सिंगल विंडो से 26 विभागों की 206 सेवाएं ऑनलाइन की हैं। पिछले तीन साल में 7 हजार परियोजनाओं को 70 हजार करोड़ से अधिक के निवेश की स्वीकृति दी गई है।
सीएम ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से 2030 तक 5 लाख ग्रामीण परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य है, अब तक 6 करोड़ से अधिक का कारोबार हो चुका है। सरकार उद्योगों के लिए नियामक नहीं बल्कि सहयोगी और सारथी बनकर काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *